May 7, 2012

सत्यमेव जयते


आमिर के बहाने ही सही, शायद सच को इस बार जीतने में मदद मिल जाए। बरसों पहले रामायण और महाभारत वाले सुबह के स्लाट पर आमिर ने सामाजिक सरोकारों पर कुछ नया करने की कोशिश की। मुबारक आमिर, मुबारक उदय शंकर, मुबारक स्टार।


नई बात नहीं है भ्रूण हत्या।।। नई बात है - जज्बात के साथ उस पर बात जिसमें आमिर खरे उतरे। एक कमर्शियल कार्यक्रम होने, आमिर को प्रति एपिसोड 4 करोड़ दिए जाने की बात को परे कर दें तो सत्यमेव जयते सच के जीतने की एक उम्मीद को पैदा करता है और दुष्यंत के उस शेर को सार्थक भी - एक पत्थर तो तबियत से उछालो यारों।।


पर एक बात की कमी खल गई। अपराधी कहीं नहीं दिखा और न ही उनका परिवार। जिस अपराधी की वजह से हत्याएं हुईं, उन तीन औरतों की जिंदगी जख्मों से भर गई, वे भी खिसियाते हुए दिखते तो सामाजिक न्याय पूरा होता। और नहीं तो कम से कम उन अपराधियों और उनके परिवारों को तस्वीरें तो दिखाई जातीं। कम से कम किसी तरह का सामाजिक बहिष्कार तो होता। कहीं ऐसा न हो कि अब पी़ड़ा से गुजरी औरतें तो याद रह जाएं लेकिन अपराधी फिर बीएमडब्यू में ही सैर करता दिखाई दे।


टीवी आडिया-विजुअल माध्यम है। यहां शोर बिकता है लेकिन साथ ही भावनाएं और संवेदनाएं भी। संवेदना से पूरी तरह भीगी यह तीन औरतें भी जब सत्यमेव जयते में बोलती हैं तो वे तमाम आंखें नम हो जाती हैं जो या तो कभी अपराध से गुजरी हैं या फिर किसी शुद्द मानसिक पृष्टभूमि से हैं। अपराधी ऐसे कार्यक्रम वैसे भी नहीं देखता। वो रिमोट से चैनल बदल देता है। उसकी दिलचस्पी पीड़ित में नहीं होती। अपराधी अपराध को करने के बाद बहुत जल्दी सब भूल जाता है –अपराध को भी और पीड़ित को भी। अपराधी की व्यस्तताएं बढ़ी होती हैं और उसका सामाजिक दायरा भी।


तो इसका मतलब क्या यह हुआ कि ऐसे कार्यक्रम पीड़ित से शुरू होकर पीड़ित पर ही खत्म हो जाए। क्या उन तमाम लोगों की कोई जवाबदेही नहीं जिन्होनें अपराध भोगती इन महिलाओं का साथ देने से इंकार किया होगा - चाहे वह पुलिस हो या ससुराल। अपराध से गुजरने की अंधेरी सुरंग बहुत लंबी होती है और बहुत से ऐसे लोग होते हैं जो यह जान लेते हैं कि कौन उनके आस-पास ऐसा है जो अपराध का शिकार हो रहा है पर हम कहते कुछ नहीं।


धन्यवाद आमिर कि आपने पेड़ों के आस-पास नाचने के बजाय कुछ लोगों को तारे जमीन पर ही दिखा देने की कोशिश की। ऐसे काम तो दूरदर्शन को करने चाहिए थे। खैर। बस, कहना यही है कि यात्रा तभी मुकम्मल होगी जब अपराधी भी शर्मसार होगा। आप शायद जानते होंगे कि इन औरतों को आपके कैमरे के सामने आने से पहले अपने अंदर की दुनिया में बहुत संघर्ष करना पड़ा होगा। वे रातों में डरी होंगी और दोपहरों में अकेली चली होंगीं। उनकी हिम्मत को और हिम्मत दीजिए और उन चेहरों को जरूर सामने लाइए जो इनके दुख और अपमान की वजह बने। और इस सोते हुए समाज को बार-बार याद दिलाइए कि अपराधी का सामाजिक बहिष्कार होना चाहिए, हर हाल में।


समाज पुलिस या प्रशासन से यह उम्मीद नहीं लगा सकता। वहां के पेचीदा गलियारे और थकी हुई व्यवस्थाएं पीड़ित को थकाती हैं और अपराधी को तब तक इत्मीनान देती हैं जब कि बाद हद से गुजर न जाए।

हां, मीडिया से उम्मीद जरूर की जा सकती है। उदय शंकर और आमिर - इस उम्मीद को सार्थक करेंगें न।।।।

Apr 10, 2012

बड़े घर की बहू

रानियां सपने नहीं देखतीं
उनकी आंखों में सपने तैरते ही नहीं

वे अधमुंदी भारी पलकों से रियासतें
देखती हैं
सत्ताओं के खेल
राजा की चौसर

वे इंतजार करती हैं
अपने चीर हरण का
या फिर आहुति देने का

वे जानती हैं
दीवार के उस पार से होने वाला हमला
उन्हें ही लीलेगा पहले

पर वे यह भी जानती हैं
गुलाब जल से चमकती काया
मालिशें
खुशबुएं
ये सब चक्रव्यूह हैं

वे जानती हैं
पत्थर की इन दीवारों में कोई रोशनदान
नहीं
और पायल में दम नहीं

चीखें यहीं दबेंगीं
आंसू यहीं चिपकेंगें
मकबरे यहीं बनेगें
तारीखें यहीं बदलेगीं
पर उनकी किस्मत नहीं
रानियां बुदबुदाती हैं
गर्म दिनों में सर्द आहें भरतीं हैं
सुराही सी दिखकर
सूखी रहती हैं – अंदर, बहुत अंदर तक

राजा जानते ही नहीं
दर्द के हिचकोले लेती यही आहें
सियासतों को, राजाओं को
मिट्टी में मिला देती हैं

राजा सोचा करते हैं
दीवारें मजबूत होंगी
तो वे टिके रहेंगें

राजा को क्या पता
रानी में खुशी की छलक होगी
मन में इबादत
हथेली में सच्चे प्रेम की मेहंदी
तभी टिकेगी सियासत

रानियां सब जानती हैं
पर चुप रहती हैं
उनकी आंखों के नीचे
गहरे काले धब्बे
भारी लहंगे से रिसता हुआ खून
थका दिल
रानी के साथ चलता है
तो समय का पहिया कंपकंपा जाता है

सियासतें कंपकंपा जाती हैं
तो राजा लगते हैं दहाड़ने
इस कंपन का स्रोत जानने की नजाकत
राजा के पास कहां है भला

रानियां जो जानती हैं
वे राजा नहीं जानते
न बेटे
न बंदियां

हरम के अंदर के हरम के अंदर हरम
तालों में
सींखचों में
पहरे में

हवा बाहर ठहरती है
सुख भी
परमानंद भी

रानियां सब जानती हैं
पर मुस्कुराती हैं
मुस्कुराहट चस्पां है
बाकी भाव भी बाहर हैं पत्थरों की
दीवारों के
दफन होंगे यहीं

रानियां जानती हैं
चाहे कितने ही लिखे जाएं इतिहास
फटे हुए ये पन्ने उड़ कर बाहर जा नहीं
पाएंगें

रानियों के पास कलम नहीं है
सत्ता नहीं
सुख नहीं

पर उनके पास सच है
सच के तिनकों की चाबी भी
राजा के ही पास है

हां, रानियां
सब जानती हैं

Apr 5, 2012

थी. हूं.. रहूंगी... - पटना पुस्तक मेले में: वर्तिका नन्दा की किताब

आभार। आप सभी का। पटना का। जो प्यार आपने थी हूं रहूंगी को दिया, वह लंबे समय तक याद रहेगा। आप सबने अवसर को यादगार बना दिया। फिर वहां मौजूद पाठक, प्रेस के अपने साथी जिनका स्नेह छू गया।
पटना आकर आशीर्वाद लेना था। आप सबने भरपूर दिया। इसलिए आप सबको नमन।
इस यात्रा में आप सबने कई दीये रख दिए हैं। इसका अहसास बहुत गहरे तक है मुझे। इस यात्रा को आप सबने कई अर्थ दिए हैं। यह अर्थ अब मुझे अपने लिए नई पगडंडियों को तराशने में मदद करेंगें।
राजकमल की पूरी टीम के लिए भी मैं नतमस्तक हूं। कविताएं कुछ पन्नों में बंद ही रह जातीं, अगर आप सब न होते।

आभार। आभार। आभार
वर्तिका नन्दा

Apr 4, 2012

लोकजीवन, बाजार और मीडिया

-संजय द्विवेदी
‘लोक’ मीडिया के लिए एक डाउन मार्केट चीज है। ‘लोक’ का बिंब जब हमारी आंखों में ही नहीं है तो उसका प्रतिबिंब क्या बनेगा। इसलिए ‘लोक’ को मीडिया की आंखों से देखने की हर कोशिश हमें निराश करेगी। क्योंकि लोकजीवन जितना बाजार बनाता है, उतना ही वह मीडिया का हिस्सा बन सकता है। लोक मीडिया के लिए कोई बड़ा बाजार नहीं बनाता, इसलिए वह उसके बहुत काम का नहीं है। मीडिया के काम करने का अपना तरीका है, जबकि लोकजीवन अपनी ही गति से धड़कता है। उसकी गति, लय और समय की मीडिया से संगति कहां है। अगर मीडिया लोकजीवन में झांकता भी है तो कुछ कौतुक पैदा करने या हास्य रचने के लिए। वह लोकजीवन में एक कौतुक दृष्टि से प्रवेश करता है, इसलिए लोक का मन उसके साथ कहां आएगा। लोक को समझने वाली आँखें और दृष्टि यह मीडिया कहां से लाएगा। ‘लोक’ को विद्वान कितना भी जटिल मानें, उत्तरआधुनिकतावादी उसे अश्पृश्य मानें, किंतु उसकी ताकत को नहीं नकारा जा सकता।
बाजार की ताकतों के लिए यह ‘लोक’ एक चुनौती सरीखा ही है। इसलिए वह सारी दुनिया को एक रंग में रंग देना चाहता है। एक भाषा, एक परिधान, एक खानपान, एक सरीखा पश्चिम प्रेरित जीवन आरोपित करने की कोशिशों पर जोर है। यह सारा कुछ होगा कैसे ? हमारे ही लोकजीवन को नागर जीवन में बदलकर। यानि हमला तो हमारे लोक पर ही है। सारी दुनिया को एक रंग में रंग देने की यह कोशिश खतरनाक है। ‘राइट टू डिफरेंट’ एक मानवीय विचार है और इसे अपनाया जाना चाहिए। हम देखें तो भारतीय बाज़ार इतने संगठित रूप में और इतने सुगठित तरीके से कभी दिलोदिमाग पर नहीं छाया था, लेकिन उसकी छाया आज इतनी लंबी हो गई है कि उसके बिना कुछ संभव नहीं दिखता। भारतीय बाज़ार अब सिर्फ़ शहरों और कस्बों तक केंद्रित नहीं रहे। वे अब गाँवों यानि हमारे लोकजीवन में नई संभावनाएं तलाश रहे हैं। भारत गाँव में बसता है, इस सच्चाई को हमने भले ही न स्वीकारा हो, लेकिन भारतीय बाज़ार को कब्जे में लेने के लिए मैदान में उतरे प्रबंधक इसी मंत्र पर काम कर रहे हैं। शहरी बाज़ार अपनी हदें पा चुका है। वह संभावनाओं का एक विस्तृत आकाश प्राप्त कर चुका है, जबकि ग्रामीण बाज़ार और हमारा लोकजीवन एक नई और जीवंत उपभोक्ता शक्ति के साथ खड़े दिखते हैं। बढ़ती हुई प्रतिस्पर्धा, अपनी बढ़त को कायम रखने के लिए मैनेजमेंट गुरुओं और कंपनियों के पास इस गाँव में झाँकने के अलावा और विकल्प नहीं है। एक अरब आबादी का यह देश जिसके 73 फ़ीसदी लोग आज भी हिंदुस्तान के पांच लाख, 72 हजार गाँवों में रहते हैं, अभी भी हमारे बाज़ार प्रबंधकों की जकड़ से बचा हुआ है। जाहिर है निशाना यहीं पर है। तेज़ी से बदलती दुनिया, विज्ञापनों की शब्दावली, जीवन में कई ऐसी चीज़ों की बनती हुई जगह, जो कभी बहुत गैरज़रूरी थी शायद इसीलिए प्रायोजित की जा रही है। भारतीय जनमानस में फैले लोकजीवन में स्थापित लोकप्रिय प्रतीकों, मिथकों को लेकर नए-नए प्रयोग किए जा रहे हैं। ये प्रयोग विज्ञापन और मनोरंजन दोनों दुनियाओं में देखे जा रहे हैं। भारत का लोकजीवन और हमारे गांव अपने आप में दुनिया को विस्मित कर देने वाला मिथक है। परंपरा से संग्रही रही महिलाएं, मोटा खाने और मोटा पहनने की सादगी भरी आदतों से जकड़े पुरूष आज भी इन्हीं क्षेत्रों में दिखते हैं। शायद इसी के चलते जोर उस नई पीढ़ी पर है, जिसने अभी-अभी शहरी बनने के सपने देखे हैं। भले ही गाँव में उसकी कितनी भी गहरी जड़ें क्यों न हों। गाँव को शहर जैसा बना देना, गाँव के घरों में भी उन्हीं सुविधाओं का पहुँच जाना, जिससे जीवन सहज भले न हो, वैभवशाली ज़रूर दिखता हो। यह मंत्र नई पीढ़ी के गले उतारे जा रहे हैं। मीडिया विश्लेषक जगदीश्वर चतुर्वेदी इस खतरे का इशारा करते हैं- “लोककला में दैनिक जीवन के अनुभवों की गहरी छाप होती है।यह पूर्व औद्योगिक समाज की संस्कृति है। यह सामूहिक कला है। इसमें विभिन्न पाठान्तरों और रूपांतरों की अभिव्यक्ति मिलती है। औद्योगिक सभ्यता के कारण इसे गंभीर क्षति का सामना करना पड़ा। औद्योगिक सभ्यता के युग में लोकसंस्कृति का क्षय अनिवार्य एवं अपरिहार्य है। इसमें लोकवादी संस्कृति के प्रतिरोध करने की क्षमता नहीं है। ”1
आज़ादी के 6 दशकों में जिन गाँवों तक हम पीने का पानी तक नहीं पहुँचा पाए, वहाँ कोला और पेप्सी की बोतलें हमारी लोकतांत्रिक व्यवस्था को मुँह चिढ़ाती दिखती हैं। गाँव में हो रहे आयोजन आज लस्सी, मठे और शरबत की जगह इन्हीं बोतलों के सहारे हो रहे हैं। ये बोतलें सिर्फ़ लोक की संस्कृति का विस्थापन नहीं हैं, यह सामूहिकता का भी गला घोंटती हैं। गाँव में हो रहे किसी आयोजन में कई घरों और गाँवों से मांगकर आई हुई दही, सब्जी या ऐसी तमाम चीजें अब एक आदेश पर एक नए रुप में उपलब्ध हो जाती हैं। दरी, चादर, चारपाई, बिछौने, गद्दे और कुर्सियों के लिए अब टेंट हाउस हैं। इन चीज़ों की पहुँच ने कहीं न कहीं सामूहिकता की भावना को खंडित किया है। भारतीय बाज़ार की यह ताकत हाल में अपने पूरे विद्रूप के साथ प्रभावी हुई है। सरकारी तंत्र के पास शायद गाँव की ताकत, उसकी संपन्नता के आंकड़े न हों, लेकिन बाज़ार के नए बाजीगर इन्हीं गाँवों में अपने लिए राह बना रहे हैं। लेखक अभिज्ञात लिखते हैं-“ लोकतत्व का इधर बाजार को ध्यान में रखकर पूरी दुनिया में अध्ययन हो रहा है। वह दुनिया भर के बाजारों के लिए ग्लैमर का विषय है। दुनिया भर के बाजार जानना चाहते हैं कि देश किस प्रांत का लोकजीवन क्या है। उसके सपने और आकांक्षाएँ क्या हैं। क्योंकि यही तो वह है जिसकी ओर उनकी निगाह है। वहां क्या बेचा जा सकता है और वहां से सस्ता क्या उगाहा जा सकता है। ”2
नए विक्रेताओं को ग्रामीण भारत और लोकजीवन की सच्चाइयाँ जानने की ललक अकारण नहीं है। वे इन्हीं जिज्ञासाओं के माध्यम से भारत के ग्रामीण ख़जाने तक पहुँचना चाहते हैं। उपभोक्ता सामग्री से अटे पड़े शहर, मेगा माल्स और बाज़ार अब यदि भारत के लोकजीवन में अपनी जगह तलाश रहे हैं, तो उन्हें उन्हीं मुहावरों का इस्तेमाल करना होगा, जिन्हें भारतीय लोकजीवन समझता है। विविधताओं से भरे देश में किसी संदेश का आख़िरी आदमी तक पहुँच जाना साधारण नहीं होता। कंपनियां अब ऐसी रणनीति बना रही हैं, जो उनकी इस चुनौती को हल कर सकें। चुनौती साधारण वैसे भी नहीं है, क्योंकि पांच लाख, 72 हजार गाँव भर नहीं, वहाँ बोली जाने वाली 33 भाषाएं, 1652 बोलियाँ, संस्कृतियाँ, उनकी उप संस्कृतियाँ और इन सबमें रची-बसी स्थानीय लोकजीवन की भावनाएं इस प्रसंग को बेहद दुरूह बना देती हैं। यह लोकजीवन एक भारत में कई भारत के सांस लेने जैसा है। कोई भी विपणन रणनीति इस पूरे भारत को एक साथ संबोधित नहीं कर सकती। गाँव में रहने वाले लोग, उनकी ज़रूरतें, खरीद और उपभोग के उनके तरीके बेहद अलग-अलग हैं। शहरी बाज़ार ने जिस तरह के तरीकों से अपना विस्तार किया वे फ़ार्मूले इस बाज़ार पर लागू नहीं किए जा सकते। शहरी बाज़ार की हदें जहाँ खत्म होती हैं, क्या भारतीय ग्रामीण बाज़ार वहीं से शुरू होता है, इसे भी देखना ज़रूरी है। ग्रामीण और शहरी भारत के स्वभाव, संवाद, भाषा और शैली में जमीन-आसमान के फ़र्क हैं। देश के मैनेजमेंट गुरू इन्हीं विविधताओं को लेकर शोधरत हैं। यह रास्ता भारतीय बाज़ार के अश्वमेध जैसा कठिन संकल्प है। जहाँ पग-पग पर चुनौतियाँ और बाधाएं हैं। भारत के लोकजीवन में सालों के बाद झाँकने की यह कोशिश भारतीय बाज़ार के विस्तारवाद के बहाने हो रही है। इसके सुफल प्राप्त करने की कोशिशें हमें तेज़ कर देनी चाहिए, क्योंकि किसी भी इलाके में बाज़ार का जाना वहाँ की प्रवृत्तियों में बदलाव लाता है। वहाँ सूचना और संचार की शक्तियां भी सक्रिय होती हैं, क्योंकि इन्हीं के सहारे बाज़ार अपने संदेश लोगों तक पहुँचा सकता है। जाहिर है यह विस्तारवाद सिर्फ़ बाज़ार का नहीं होगा, सूचनाओं का भी होगा, शिक्षा का भी होगा। अपनी बहुत बाज़ारवादी आकांक्षाओं के बावजूद वहाँ काम करने वाला मीडिया कुछ प्रतिशत में ही सही, सामाजिक सरोकारों का ख्याल ज़रूर रखेगा, ऐसे में गाँवों में सरकार, बाज़ार और मीडिया तीन तरह की शक्तियों का समुच्चय होगा, जो यदि जनता में जागरूकता के थोड़े भी प्रश्न जगा सका, तो शायद ग्रामीण भारत का चेहरा बहुत बदला हुआ होगा। भारत के गाँव और वहाँ रहने वाले किसान बेहद ख़राब स्थितियों के शिकार हैं। उनकी जमीनें तरह-तरह से हथियाकर उन्हें भूमिहीन बनाने के कई तरह के प्रयास चल रहे हैं। इससे एक अलग तरह का असंतोष भी समाज जीवन में दिखने शुरू हो गए हैं। भारतीय बाज़ार के नियंता इन परिस्थितियों का विचार कर अगर मानवीय चेहरा लेकर जाते हैं, तो शायद उनकी सफलता की दर कई गुना हो सकती है। फिलहाल तो आने वाले दिन इसी ग्रामीण बाज़ार पर कब्जे के कई रोचक दृश्य उपस्थित करने वाले हैं, जिसमें कितना भला होगा और कितना बुरा इसका आकलन होना अभी बाकी है?
बावजूद इसके कोई भी समाज सिर्फ आधुनिकताबोध के साथ नहीं जीता, उसकी सांसें तो ‘लोक’ में ही होती हैं। भारतीय जीवन की मूल चेतना तो लोकचेतना ही है। नागर जीवन के समानांतर लोक जीवन का भी विपुल विस्तार है। खासकर हिंदी का मन तो लोकविहीन हो ही नहीं सकता। हिंदी के सारे बड़े कवि तुलसीदास, कबीर, रसखान, मीराबाई, सूरदास लोक से ही आते हैं। नागरबोध आज भी हिंदी जगत की उस तरह से पहचान नहीं बन सका है। प्रो. कुंवरपाल सिंह लिखते हैं- “ हिंदी में लोक और कविता का गहरा संबंध रहा है। कविता को कुलीन बनाने के भी बराबर प्रयास होते रहे हैं। दरबारी काव्य को हम कुलीन और भद्रजनों के साहित्य की श्रेणी में रखते हैं। लोक काव्य और कुलीन काव्य के बीच निरंतर संघर्ष रहा है। यह अध्ययन दिलचस्प है कि अपने समय में कुलीन साहित्य ने लोकसाहित्य को हमेशा हाशिए पर रखने का प्रयास किया है। उसके ऊपर प्रचारवादी, कलाहीन, विद्वेष फैलाने वाले आरोप बराबर लगते रहे हैं।”3 भारत गांवों में बसने वाला देश होने के साथ-साथ एक प्रखर लोकचेतना का वाहक देश भी है। आप देखें तो फिल्मों से लेकर विज्ञापनों तक में लोक की छवि सफलता की गारंटी बन रही है। बालिका वधू जैसे टीवी धारावाहिक हों या पिछले सालों में लोकप्रिय हुए फिल्मी गीत सास गारी देवे (दिल्ली-6) या दबंग फिल्म का मैं झंडू बाम हुयी डार्लिंग तेरे लिए इसका प्रमाण हैं। ऐसे तमाम उदाहरण हमारे सामने हैं। किंतु लोकजीवन के तमाम किस्से, गीत-संगीत और प्रदर्शन कलाएं, शिल्प एक नई पैकेजिंग में सामने आ रहे हैं। इनमें बाजार की ताकतों ने घालमेल कर इनका मार्केट बनाना प्रारंभ किया है। इससे इनकी जीवंतता और मौलिकता को भी खतरा उत्पन्न हो रहा है। जैसे आदिवासी शिल्प को आज एक बड़ा बाजार हासिल है किंतु उसका कलाकार आज भी फांके की स्थिति में है। जाहिर तौर पर हमें अपने लोक को बचाने के लिए उसे उसकी मौलिकता में ही स्वीकारना होगा। हजारों-हजार गीत, कविताएं, साहित्य, शिल्प और तमाम कलाएं नष्ट होने के कगार पर हैं। किंतु उनके गुणग्राहक कहां हैं। एक विशाल भू-भाग में बोली जाने वाली हजारों बोलियां, उनका साहित्य-जो वाचिक भी है और लिखित भी। उसकी कलाचेतना, प्रदर्शन कलाएं सारा कुछ मिलकर एक ऐसा लोक रचती है जिस तक पहुंचने के लिए अभी काफी समय लगेगा। हबीब तनवीर जैसे लोगों ने लोक की इस ताकत को पहचाना। वे कहते हैं-“ विश्वग्राम की कल्पना में पूरे संसार को एक ही लाठी से हांककर विकास के रास्ते पर दौड़ाना ठीक नहीं है। हर देश की तासीर अलग होती है, जीने की, आगे बढ़ने की जुदा शर्तें होती हैं। भारत के पास तो हर तरफ प्रगति करने के परंपरागत सांस्कृतिक संसाधन हैं। ज्ञान और प्रतिभा में इस मुल्क की भला किसी से क्या तुलना हो सकती है।.....भूमंडलीकरण से होने वाले सांस्कृतिक आघात से दो-दो हाथ करने में हम आज भी नाटक का इस्तेमाल कर रहे हैं। हमारे सारे औजार लोक की जमीन से तैयार हुए हैं।”4
जाहिर तौर पर लोकचेतना तो वेदों से भी पुरानी है। क्योंकि हमारी परंपरा में ही ज्ञान बसा हुआ है। ज्ञान, नीति-नियम, औषधियां, गीत, कथाएं, पहेलियां सब कुछ इसी ‘लोक’ का हिस्सा हैं। हिंदी अकेली भाषा है जिसका चिकित्सक भी ‘कविराय’ कहा जाता था। बाजार आज सारे मूल्य तय कर रहा है और यह ‘लोक’ को नष्ट करने का षडयंत्र है। यह सही मायने में बिखरी और कमजोर आवाजों को दबाने का षडयंत्र भी है। इसका सबसे बड़ा शिकार हमारी बोलियां बन रही हैं, जिनकी मौत का खतरा मंडरा रहा है। अंडमान की ‘बो’ नाम की भाषा खत्म होने के साथ इसका सिलसिला शुरू हो गया है। भारतीय भाषाओं और बोलियों के सामने यह सबसे खतरनाक समय है। मीडिया विश्लेषक प्राजंल धर कहते हैं- “ आज संस्कृति का लोकपक्ष कुछ द्वंदों से ग्रसित है। इसमें गांव और शहर के द्वंद, शिक्षित-अशिक्षित के द्वंद तथा भारतीय लोकभाषाओं व तथाकथित ग्लोबल भाषा अंग्रेजी के द्वंद कुछ प्रमुख द्वंद हैं। वास्तव में हमारे पश्चिमीकरण ने पश्चिम की अनाप-शनाप बातों तक को प्रोत्साहित किया है और अपनी सुंदरतम शैलियों तक को त्याज्य घोषित किया है।”5
आज के मुख्यधारा मीडिया के मीडिया के पास इस संदर्भों पर काम करने का अवकाश नहीं है। किंतु समाज के प्रतिबद्ध पत्रकारों, साहित्यकारों को आगे आकर इस चुनौती को स्वीकार करने की जरूरत है क्योंकि ‘लोक’ की उपेक्षा और बोलियों को नष्ट कर हम अपनी प्रदर्शन कलाओं, गीतों, शिल्पों और विरासतों को गंवा रहे हैं। जबकि इसके संरक्षण की जरूरत है।
संदर्भः
1.चतुर्वेदी जगदीश्वरः जनमाध्यम और मास कल्चरः1996 सारांश प्रकाशन, दिल्ली, पेज-49
2.अभिज्ञातः लोकतत्वः कुछ नोट्सः मड़ईः2009,बिलासपुर संपादकः कालीचरण यादव, पेज-37
3. सिंह कुंवरपालः संप्रेषण (15), पेजः 136-137
4. उपाध्याय विनय( हबीब तनवीर से संवाद पर आधारित लेख)- नए वक्ती दौर से हमें अपना सांस्कृतिक आत्मविश्वास ही उबारेगाः मड़ईः2009, बिलासपुर, संपादकः कालीचरण यादव, पेज 138
5. धर प्रांजलः लोकसंस्कृति और उसका विमर्शः मड़ईः2009,बिलासपुर संपादकः कालीचरण यादव, पेज-09
( लेखक माखनलाल चतुर्वेदी पत्रकारिता और जनसंचार विश्वविद्यालय, भोपाल में जनसंचार विभाग के अध्यक्ष हैं)

Mar 26, 2012

थी.हूं..रहूंगी... पटना पुस्तक मेले में: 2012: Vartika Nanda

आभार। आप सभी का। पटना का। जो प्यार आपने थी हूं रहूंगी को दिया, वह लंबे समय तक याद रहेगा। आप सबने अवसर को यादगार बना दिया। फिर वहां मौजूद पाठक, प्रेस के अपने साथी जिनका स्नेह छू गया।
पटना आकर आशीर्वाद लेना था। आप सबने भरपूर दिया। इसलिए आप सबको नमन।
इस यात्रा में आप सबने कई दीये रख दिए हैं। इसका अहसास बहुत गहरे तक है मुझे। इस यात्रा को आप सबने कई अर्थ दिए हैं। यह अर्थ अब मुझे अपने लिए नई पगडंडियों को तराशने में मदद करेंगें।
राजकमल की पूरी टीम के लिए भी मैं नतमस्तक हूं। कविताएं कुछ पन्नों में बंद ही रह जातीं, अगर आप सब न होते।

आभार। आभार। आभार
वर्तिका नन्दा

Mar 23, 2012

थी. हूं..रहूंगी... पटना पुस्तक मेले में 24 मार्च को विमोचन: Year 2012: Vartika Nanda

महिला अपराध पर देश का पहला कविता संग्रह -  थी. हूं..रहूंगी.

विमोचन 24 मार्च को पटना पुस्तक मेले में

विमोचनकर्ता -
सुखदा पाण्डेय, मंत्री, कला संस्कृति और युवा विभाग, बिहार
रश्मि सिंह, कार्यकारी निदेशक,  राष्ट्रीय महिला सशक्तिकरण मिशन, भारत सरकार

किताब का नाम – थी. हूं..रहूंगी...

कवयित्री – वर्तिका नन्दा

कवर - लाल रत्नाकर

प्रकाशक – राजकमल

मूल्य – 250 रूपए


भूमिका - किताब से 
यह पहला मौका है जब एक अपराध पत्रकार ने अपराध पर ही कविताएं लिखी हैं। एनडीटीवी में बरसों अपराध बीट की प्रमुखता और बाद में बलात्कार पर पीएचडी ने देश की इस विख्यात पत्रकार को महिला अपराध को एक अलहदा संवेदनशीलता से देखने की ताकत दी। इसलिए इन कविताओं को संवेदना के अलावा यथार्थ के चश्मे से भी देखना होगा।

वर्तिका के लिए औरत टीले पर तिनके जोड़ती और मार्मिक संगीत रचती एक गुलाबी सृष्टि है और सबसे बड़ी त्रासदी भी। वह चूल्हे पर चांद सी रोटी सेके या घुमावदार सत्ता संभाले – सबकी आंतरिक यात्राएं एक सी हैं।

इस ग्रह के हर हिस्से में औरत किसी न किसी अपराध की शिकार होती ही है। ज्यादा बड़ा अपराध घर के भीतर का जो अमूमन खबर की आंख से अछूता रहता है। यह कविताएं उसी देहरी के अंदर की कहानी सुनाती हैं। यहां मीडिया, पुलिस, कानून और समाज मूक है। वो उसके मारे जाने का इंतजार करता है और उसके बाद भी कभी-कभार ही क्रियाशील होता है।

वर्तिका की कविता की औरत थक चुकी है पर विश्वास का एक दीया अब भी टिमटिमा रहा है। दुख के विराट मरूस्थल बनाकर देते पुरूष को स्त्री का इससे बड़ा जवाब क्या होगा कि मारे जाने की तमाम कोशिशों के बावजूद वह मुस्कुरा कर कह दे - थी. हूं.. रहूंगी...।

Mar 8, 2012

महिला दिवस, होली और हम

आह ओढ़नी
ओढ़नी में रंग थे, रस थे, बहक थी
ओढ़नी सरकी
जिस्म को छूती
जिस्म को लगा कोई अपना छूकर पार गया है
ओढ़नी का राग, वाद्य, संस्कार, अनुराग
सब युवती का श्रृंगार

ओढ़नी की लचक सहलाती सी
भरती भ्रमों पर भ्रम
देती युवती को अपरिमित संसार
यहां से वहां उड़ जाने के लिए।

दोनों का मौन
आने वाले मौसम
दफ्न होते बचपन के बीच का पुल है
                        
ओढ़नी दुनिया से आगे की किताब है
कौन पढ़े इसकी इबारत
ओढ़नी की रौशनाई
उसकी चुप्पी में छुपी शहनाई
उसकी सच्चाई
युवती के बचे चंद दिनों की
हौले से की भरपाई
ओढ़नी की सरकन अल्हड़ युवती ही समझती है
उसकी सरहदें, उसके इशारे, उसकी आहें
पर ओढ़नी का भ्रम टूटने में भला कहां लगती है कोई देरी (थी, हूं, रहूंगी कविता संग्रह से)

औरत खुद में रंग है..तमाम रंगों का एक कैनवास। पर इनमें सर्वोपरि है – उल्लास का रंग। वो रचती है। परिवार बसाती है। संगीत उपजाती है और जिंदगी को गतिमान बनाती है। सृष्टि ने उसके रूप में एक चितेरे को पैदा किया है। महिला दिवस इसी चितेरे को सम्मान देने की एक कोशिश है। यह कोशिश पूरी नहीं है। यह भी एक सच है। पूरी होती तो आधी आबादी की हर दूसरी औरत किसी जख्म को छिपाने को मजबूर न होती और न ही उसके आंसू उसकी ओढ़नी के पीछे छिपे होते।
औरत के साथ जो सच हमेशा चले, उनमे उसके लिए तयशुदा कुछ परिभाषाएं भी हैं। सब कुछ सटीक, सार्थक, करीनेदार और दोषमुक्त हो, आदर्शवाद की परिभाषा काफी हद तक इसके आस-पास ही घूमती है। आदर्श जिंदगी के उस मानचित्र की तरह रेखांकित किया जाता है जहां कमी, ग़लत या गफ़लत की कोई गुंजाइश ही नहीं। यह एक अंदरूनी शक्ति के जागृत होने का संकेत है जो इंसान को बेहतरीन करने के लिए ऊर्जावान बना सकता है। यह एक ऐसे रास्ते पर चलने और उस पर टिके रहने की उत्कंठा भी हो सकती है जो दूसरों को भी वैसा ही होने के लिए प्रेरित भी कर दे और वातावरण को खुशनुमा बयार से भर दे।

इस लिहाज़ से आदर्श होने या आदर्श जैसा होने की कोशिश करने में मुझे कोई बुराई नहीं दिखती। किसी भी समाज के लिए इससे आदर्श स्थिति क्या होगी कि उसके समाज में लोग बेहतरीन होने की कोशिश करें और रामराज्य को साकार कर दें लेकिन मजे की बात यह है कि आदर्श की ऐसी तमाम उम्मीदें आम तौर पर महिलाओं से ही की जाती हैं और वे उस पर काफी हद तक खरी भी उतरती हैं। इसकी सबसे बड़ी वजह है कि एक लड़की शुरू से ही भाव के साथ बड़ी होती है कि उसके पास समय कम है, फिर चाहे वो समय उसके बचपन का हो या फिर यौवन का। यही वजह है कि वह धीरे-धीरे आदर्श की पाठशाला-सी बनती चली जाती है। दरअसल औरत की रगों में जो खून बहता है, उसके पैदा होने से ही, वो उसमें आदर्श होने के तत्व को भरे रखता है। औरत की रूल बुक से नियम कटते नहीं बल्कि नए जुड़ते चले जाते हैं। उसके काम कभी खत्म नहीं होते और जिम्मेदारियों की फेहरिस्त कभी छोटी होती नहीं। वह एक काम निपटाती है तो दूसरा किसी नए कोने से उग कर चला आता है। कामों की यह लंबी लिस्ट उसे समय का प्रबंधन, तनाव पर नियंत्रण और बेहतरीन काम करते जाने की सीख देती चलती है। वह मल्टी टास्किंग करने लगती है। एक साथ कई काम पूरे करीने से करने में वह महारत हासिल करती जाती है। यह एक बड़ी कला है। वह उस चींटी की तरह है जो अपने वज़न से कई गुणा ज्यादा बोझ उठाने में सक्षम है। वह इस सक्षमता को छुटपन में ऐसा आत्मसात करती है कि खुद उसे मालूम नहीं होता कि वो अपने आप में दुर्गा है।

21वीं सदी के इन 11 सालों ने महिला को एक गज़ब के आत्मविश्वास से भर दिया है। सदियों से तमाम षड्यंत्रों के बावजूद महिलाएं लगातार अपने मुक़ाम तय करती चली गईं हैं और अब वे ऐसे मंच भी बनाने लगी हैं जहां उनकी बात कहीसुनी जा सके। महिलाएं अब रूदन की शैली से बाहर आकर ताकत का पर्याय बनती दिखने लगी हैं। इतने बदलावों के बीच अब अगर आदर्शवाद को लादा भी जाता है तो वह स्त्री-पुरूष दोनों ही के लिए कुछ नियम-कायदे लेकर आएगा, कम-से-कम इसका माहौल तैयार होता तो दिख ही रहा है।

फिर महिला ने अब अपने लिए जगह खुद बनानी शुरू कर दी है। बरसों हाशिए पर रहने की आदी रही है वह। उसने समझ लिया कि इसी हाशिए से उसे अपने लिए एक खिड़की बनानी होगी। इसलिए उसने उसे बना डाला। इस खिड़की से वह बाहरी आकाश को देती है और जब चाहती है, अपने पंख पसार कर आकाश को छू आती है। वह हिम्मत का संसार रच रही है। इसमें इंटरनेट के उड़नखटोले ने उसकी भरपूर मदद की है। उसे अपनी आवाज को सामने लाने का मौका मिला है। यहां वह मालिक भी खुद है और संपादक भी।   

फिर कानून की नई हदें भी तय हुईं हैं। घरेलू हिंसा के कानून ने खास तौर पर उन महिलाओं के लिए नई जमीन तैयार की है जिन्हें उनके पति घर से बाहर फेंक कर आराम से मुस्कुराया करते थे। घरों से उपेक्षित, कमरों में पिटती और बेटों से अपमानित होती औरत के लिए कानून ने एक छोटे आश्रय का इंतजाम करने की कुछ कोशिश तो की है।

पर इतने भर से ही औरत की जिंदगी खुशहाल नहीं होती। परिवार, समाज या नौकरी में रंगों के संतुलन को बनाए रखने के लिए उसे हर कदम पर एक बड़ी कीमत अदा करनी पड़ती है। औरत को कोई भी रंग मुफ्त में नहीं मिलता पर जब वह सृष्टि को कोई रंग लौटाती है तो खुद वो कोई सौदा नहीं कर पाती। सौदेबाजी न करने की उसकी यह अदा ही उसे अलग बनाती है। दुखों के तमाम पठारों के बीच औरत का टिके होना कोई मजाक नहीं।

इसलिए होली के साथ घुल कर आए इस महिला दिवस में गुलाल का एक टीका उस औरत के नाम पर भी लगाइएगा जिसमें अदम्य शक्ति है, लय, ताल और संगीत है। दुख के विराट मरूस्थल बनाकर देते पुरूष को स्त्री का इससे बड़ा जवाब क्या होगा कि मारे जाने की तमाम कोशिशों के बावजूद वह मुस्कुरा कर कह दे - थी. हूं.. रहूंगी...।

Mar 7, 2012

थी. हूं.. रहूंगी... का विमोचन

दिल्ली- प्रगति मैदान में 3 मार्च को कविता संग्रह के विमोचन समारोह में नामवर सिंह.



दिल्ली- प्रगति मैदान में 3 मार्च को कविता संग्रह के विमोचन में संग्रह से पाठ करती मैं.



दिल्ली- प्रगति मैदान में 3 मार्च को कविता संग्रह के विमोचन समारोह में राजकमल प्रकाशन की टीम के साथ.

Feb 13, 2012

थी. हूं.. रहूंगी...Year 2012 : Vartika Nanda: Poetry

महिला अपराध पर देश का पहला कविता संग्रह
समर्पण


अपराध से छिलती
फिर भी
उम्मीद की लालटेन थामे
हर औरत के लिए

यह पहला मौका है जब एक अपराध पत्रकार ने अपराध पर ही कविताएं लिखी हैं। एनडीटीवी में बरसों अपराध बीट की प्रमुखता और बाद में बलात्कार पर पीएचडी ने अपराध एक अलहदा संवेदनशीलता से देखने की ताकत दी। इसलिए इन कविताओं को संवेदना के अलावा यथार्थ के चश्मे से भी देखना होगा।

मेरे लिए औरत टीले पर तिनके जोड़ती और मार्मिक संगीत रचती एक गुलाबी सृष्टि है और सबसे बड़ी त्रासदी भी। वह चूल्हे पर चांद सी रोटी सेके या घुमावदार सत्ता संभाले – सबकी आंतरिक यात्राएं एक सी हैं।







इस ग्रह के हर हिस्से में औरत किसी न किसी अपराध की शिकार होती ही है। ज्यादा बड़ा अपराध घर के भीतर का जो अमूमन खबर की आंख से अछूता रहता है। यह कविताएं उसी देहरी के अंदर की कहानी सुनाती हैं। यहां मीडिया, पुलिस, कानून और समाज मूक है। वो उसके मारे जाने का इंतजार करता है और उसके बाद भी कभी-कभार ही क्रियाशील होता है।

हां, मेरी कविता की औरत थक चुकी है पर विश्वास का एक दीया अब भी टिमटिमा रहा है। दुख के विराट मरूस्थल बनाकर देते पुरूष को स्त्री का इससे बड़ा जवाब क्या होगा कि मारे जाने की तमाम कोशिशों के बावजूद वह मुस्कुरा कर कह दे - थी. हूं.. रहूंगी...।

From News to Infotainment to Tamasha by Dr. Amit Nagpal



Jan 20, 2012

बैगपाइपर पत्रकारिता के बीच


तीन दिनों तक प्रियंका ही खबरों में रहीं। उनकी मुस्कुराहट, उनके कपड़ों का रंग, हंसने की अदा, फुर्ती, हाजिरजवाबी, मन को मोहने वाली बातें, अपनी दादी से मिलता चेहरा, मिलनसारिता, उनके व्यक्तित्व का करिश्मा और भी न जाने क्या-क्या। हालांकि इनमें से किसी भी बात से इंकार नहीं किया जा सकता पर मीडिया की मुग्ध होती रिपोर्टिंग और रसीली एंकरिंग के कुछ पहलुओं पर इंकार जतलाना जरूरी लगता है।

दरअसल गाना गाती यह रिपोर्टिंग चुनावी माहौल में ज्यादा मुखर तरीके से नोटिस में ली जाती है, ली जानी चाहिए भी। उत्तर प्रदेश में प्रियंका गांधी के चुनावी दौरे के समय तमाम चैनल एक साथ प्रियंकामय हो गए तो बात उनके करिश्मे के साथ ही मीडिया के आचार-व्यवहार और चुनावी सीमाओं के पास भी जाकर पहुंची। माहौल चुनावी न होता तो शायद ज्यादा फर्क नहीं पड़ता। समझा यही जाता कि मीडिया को भी खबर की अपनी जरूरतों को पूरा करना होता है और टीआरपी देखने होती है पर इस बार बात चुनावों की है। ऐसे में मीडिया की पुरानी किताबों को दोबारा खंगालने की जरूरत भी महसूस हुई। मीडिया आलोचक अडवर्ड एस हरमन और नोम चोमस्की ने 1988 में प्रोपोगेंडा मॉडल पर बात की थी जिसके मुताबिक निष्पक्षता को अगर नजर अंदाज किया जाए तो वह सरकार(सत्ता) और ताकतवर घरानों की तरफदारी की रिपोर्टिंग बन कर रह जाती है। 1957 में टाइम्स के संपादक डिलेन ने कहा था कि पत्रकार का काम एक इतिहासकार जैसा ही होता हैः उसे तथ्यों की बात करनी होती है पर साथ ही सुनिश्चित करना होता है कि सच को उसी रूप में दिखाया जाए जो पूरी तरह से खालिस हो और वहीं खत्म होता हो जहां तक वह जरूरी हो। उसका काम पाठक को स्टेटक्राफ्ट में ढाल कर सच परोसने का नहीं है। न्यूज मीडिया की हदें और सरहदें काफी हद तक तय हैं।

तो बात फिर प्रियंका की रिपोर्टिंग की। तीन साल बाद अचानक रायबरेली-अमेठी जाने पर प्रियंका को पलकों में बिठाया गया है। यहां इस शिकायत पर ज्यादा तवज्जो नहीं है कि वे अब तक अपने पारिवारिक क्षेत्र से इतने दिनों तक दूर क्यों रहीं। वे राजनीति में आने के बारे में सीधा और खाली जवाब क्यों नहीं देतीं और यह कि इस बात के मायने क्या हैं कि वे राहुल बाबा के कहने पर यहां आईं हैं। क्या किसी चुनावी क्षेत्र का दौरा सिर्फ अपने भाई की खुशी और सफलता की दरकार पर ही किया जाता है। इसके अलावा यह महिमामंडित प्रचार क्या पूरी तरह से चुनावी आचार संहिता के अंतर्गत आता है। सवाल कई हो सकते हैं। एक सवाल यह भी कौंधता है कि रिपोर्टिग का जो सुर हमने इन तीन दिनों में सुना और देखा, क्या यह वही होता अगर किसी और राजनीतिक चेहरे ने अरसे बाद अपने इलाके की सुध ली होती। क्या मीडिया तब भी गुड़ वाली गजकी पत्रकारिता करता और ओबी वैन भगा-भगा कर अपने स्टार पत्रकारों के जरिए प्रियंका को स्टार कैंपेनर कहता।

प्रियंका के जादू से किसी को इंकार नहीं और न ही उनकी संवेदना से भरपूर भारतीय जनता पर पकड़ को किसी भी तरह से नकारा जा सकता है पर सवाल हमारा अपना है। क्या मीडिया का काम जादू की रिपोर्टिंग करना है। क्या उसका काम व्यक्ति केंद्रित होना है, क्या उसका काम (खास तौर पर चुनाव के समय पर) कौंधती रौशनी से नहाए किसी एक हिस्से को पूरी तरह से सर्वोपरि बना देना है। क्या मीडिया का काम असंतुलित होकर जागरण में बैठ जाना है। क्या आने वाले दिनों में रिपोर्टिंग को लेकर कई मापदंड तय किए जाएंगे और अगर हां, तो उन्हें कौन, कब करेगा। बैग पाइपर जर्नलिज्म को क्या जर्नलिज्म माना जाना चाहिए? मेरा सवाल यहीं से शुरू होता है।

Jan 1, 2012

अधूरी कविता

थके पांवों में भी होती है ताकत
देवदारों में चलते हुए
ये पांव
झाड़ियों के बीच में से राह बना लेते हैं
गर
भरोसा हो
सुबह के होने का
सांसों में हो कोई स्मृति चिन्ह
मन में संस्कार
और उम्मीदों की चिड़िया
जिंदा है अगर
तो जहाज के पंछी को
खूंटे में कौन टांग सकता है भला

Dec 10, 2011

ठगिनी माया

सफर ठगे जाने के बाद शुरू होता है
अपने से
पराये से
किसी पराये अपने से

बीचों बीच रौशनी के बुझने
सुरंग के लंबे खिंच जाने
मायूसी की लंबी लकीर के बीच

ठगे जाने के मुहावरे हमेशा पुराने होते हैं
लेकिन ठगा गया इंसान नया
और उससे निकला सबक भी

Dec 6, 2011

औरत

सड़क किनारे खड़ी औरत कभी अकेले नहीं होती उसका साया होती है मजबूरी आंचल के दुख मन में छिपे बहुत से रहस्य औरत अकेली होकर भी कहीं अकेली नहीं होती सींचे हुए परिवार की यादें सूखे बहुत से पत्ते छीने गए सुख छीली गई आत्मा सब कुछ होता है ठगी गई औरत के साथ औरत के पास अपने बहुत से सच होते हैं उसके नमक होते शुरीर में घुले हुए किसी से संवाद नहीं होता समय के आगे थकी इस औरत का सहारे की तलाश में मरूस्थल में मटकी लिए चलती यह औरत सांस भी डर कर लेती है फिर भी जरूरत के तमाम पलों में अपनी होती है